Advertisement

कार्तिक पूर्णिमा: श्रीराम मेढ़ा मेला में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब,पूजा-अर्चना कर गंगा मैया से मांगा आशीर्वाद

शेरगढ़। क्षेत्र के पनबड़िया गांव स्थित श्री राम मेढ़ा मेला में मंगलवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। ट्रैक्टर ट्रालियों सहित अन्य वाहनों से मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्री राम मेढ़ा मंदिर पर प्रसाद चढ़ाया। किच्छा नदी घाट पर आस्था की डुबकी लगाई और पूजा अर्चना कर आशीर्वाद मांगा। इस दौरान महिलाओं ने जहां अपने मनपसंद सामान खरीदा तो वहीं नन्हें-मुन्हें बच्चों ने चाट पकौड़ी,मिठाई और झूले का आनंद लिया। बच्चों ने अपने मनपसंद खिलौने भी खरीदे। यहां महिलाओं ने लाडलों का मुंडन संस्कार भी कराया। बता दें कि पनबड़िया का श्रीराम मेंढ़ा मेला हंडिया और मटकी के लिए प्रसिद्ध है। महिलाएं यहां की जहां हंडिया पसंद करती हैं। तो महिलाओं में मटकी का भी खास क्रेज है। नव विवाहिताओं में मेले को लेकर विशेष जोश देखा गया।यहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने बच्चों के विवाह के मौर प्रवाहित किए। गांव की गलियों से आवाज सुनाई दी कि “मैं मेला देखन जाऊंगी,मेरी पास की पड़ोसन सब जाएं”। ग्राम प्रधान ओमप्रकाश गंगवार ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं के लिए कोई असुविधा न हो इसका ध्यान रखते हुए सभी व्यवस्थाएं मुकम्मल की गई हैं। किच्छा नदी के दूसरे तट पर बने मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने के लिए लकड़ी के अस्थाई पुल बनाए गए हैं। मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने किच्छा नदी घाट पर आस्था की डुबकी लगाई और गंगा मैया से मंगलमय जीवन की कामना की। इधर मेले में शांति व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने पुलिस कर्मियों के साथ मेला क्षेत्र का दौरा कर शांति व्यवस्था का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page