Advertisement

गन्ना क्रय केंद्र बंद रहने पर किसानों में आक्रोश, किसान एकता संघ ने जिला गन्ना अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, तत्काल तुलाई शुरू कराने का आश्वासन

बरेली। मीरगंज चीनी मिल के घंघौरा पिपरिया स्थित दोहना बी गन्ना क्रय केंद्र अभी तक सुचारू रूप से चालू न होने से किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। किसानों की समस्या को लेकर किसान नेता डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल गन्ने की तुलाई शुरू कराने की मांग की।
किसान नेता डॉ. रवि नागर ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके गन्ने की फसल तैयार करता है, लेकिन क्रय केंद्र समय से चालू न होने के कारण किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। गन्ना खेतों में खड़ा रहने से किसानों की अगली फसल की तैयारी प्रभावित हो रही है तथा आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।

किसानों की समस्याओं के प्रति विभाग एवं चीनी मिल प्रशासन की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने मांग की कि घंघौरा पिपरिया के दोहना बी क्रय केंद्र पर तत्काल मजदूरों की व्यवस्था कराकर तुलाई शुरू कराई जाए तथा किसानों को अनावश्यक परेशानियों से निजात दिलाई जाए।
ज्ञापन पर जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी ने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल क्रय केंद्र चालू कराने एवं शीघ्र तुलाई शुरू कराने का आश्वासन दिया। किसानों ने स्पष्ट कहा कि यदि आश्वासन के बावजूद तुलाई शुरू नहीं हुई तो किसान आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय सचिव यज्ञ प्रकाश गंगवार, प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा पंडित राजेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष बोहरन सिंह गुर्जर, मंडल उपाध्यक्ष गिरीश गोस्वामी, मंडल महासचिव डॉ अंशु भारती, मंडल सचिव डॉ खेतल सिंह, जिला अध्यक्ष सोरन सिंह गुर्जर,जिला उपाध्यक्ष संजय यादव, जिला प्रवक्ता सुरेंद्र तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी संजय पाठक, जिला सचिव घनश्याम गुर्जर, आदि बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page