Advertisement

देवरनिया बिजलीघर में लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर

सवा सौ गांवों और कस्बे के हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत, सप्लाई से जुड़ेगा ट्रांसफार्मर

देवरनिया । लंबे समय से बिजली की समस्या और ओवरलोडिंग से जूझ रहे देवरनिया कस्बे समेत आसपास के करीब सवा सौ गांवों के उपभोक्ताओं के लिए राहत की उम्मीद जगी है। 33/11 केवी बिजलीघर पर 10 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है। इसे शुक्रवार से बिजली आपूर्ति से जोड़ने की तैयारी है। इसके चालू होने के बाद बिजलीघर पर लोड का दबाव कम होगा और उपभोक्ताओं को काफी हद तक समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।

करीब 40 हजार आबादी वाली नगर पंचायत देवरनिया और आसपास के गांवों को इसी बिजलीघर से आपूर्ति की जाती है। अब तक यहां पांच-पांच एमवीए क्षमता के तीन ट्रांसफार्मरों के जरिए बिजली का भार संभाला जा रहा था। अधिक लोड के चलते आए दिन आपूर्ति प्रभावित होने की समस्या बनी रहती थी। लो वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और लंबे समय तक बिजली गुल रहने से उपभोक्ता परेशान थे। विशेषकर गर्मी और धान की रोपाई के सीजन में समस्या और बढ़ जाती थी।

उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए देवरनिया के उपखंड अधिकारी विशाल केवल और अवर अभियंता सुशील कुमार मिश्रा ने 10 एमवीए का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर लगवाने की पहल की। स्वीकृति मिलने के बाद ट्रांसफार्मर बिजलीघर पहुंचा और गुरुवार को उसे स्थापित कर दिया गया। हालांकि, अभी इसे आपूर्ति से नहीं जोड़ा गया है। अवर अभियंता के मुताबिक ट्रांसफार्मर को सप्लाई से जोड़ दिया जाएगा।

ट्रांसफार्मर स्थापित करने में बिजली विभाग के लाइनमैनों ने मेहनत की। इस दौरान जेई सुशील कुमार मिश्रा मौजूद रहे। नए ट्रांसफार्मर के स्थापन पर शब्वों खान, सर्वेश कुमार, सत्यपाल गंगवार मोहसिन उद्दीन, संदीप कुमार शर्मा , राजूकश्यप, विजय कुमार , और आला हजरत डिग्री कॉलेज के निदेशक सुन्नै खान उर्फ सेठी, नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद कलीम अन्सारी, रामवीर प्रजापति, सुरेश कुमार सहित नगरवासियों ने बिजली अधिकारियों का आभार जताया।

नगरवासियों का कहना है कि नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से ओवरलोडिंग की समस्या दूर होगी और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। किसानों को भी ट्यूबवेल चलाने में सुविधा होगी। वहीं व्यापारियों को भी राहत मिलेगी। लोगों ने उम्मीद जताई है कि विभाग आगे भी इसी तरह बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page