बरेली। खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंस एंड टेक्नोलॉजी बरेली में शनिवार को एक दिवसीय एकेडमिक कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो.अनुराग भटनागर,महाविद्यालय के महानिदेशक डॉ.अमरेश कुमार, प्राचार्य डॉ.आर.के.सिंह एवं आउटरीच प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ.कल्पना जोशी द्वारा मां सरस्वती के चरणों में पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों में शोध के प्रति रुचि विकसित करना,वैज्ञानिक नवाचार को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के क्षेत्र में नए शोध आयामों एवं रचनात्मक विचारों को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के महानिदेशक डॉ.अमरेश कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर डॉ.अल्पना जोशी ने अतिथियों,प्रतिभागियों एवं उपस्थित शिक्षकों का स्वागत करते हुए कॉन्क्लेव की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरेली कॉलेज,बरेली के पूर्व प्राचार्य प्रो.अनुराग भटनागर रहे। उन्होंने शोध एवं नवाचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नए विचारों,वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अनुसंधान की आवश्यकता है। शिक्षकों को केवल ज्ञान प्रदान करने तक सीमित न रहकर नए शोध एवं रचनात्मक प्रयोगों के माध्यम से समाज और शिक्षा जगत के विकास में योगदान देना चाहिए। एक दिवसीय एकेडमिक कॉन्क्लेव ने शिक्षकों को अपने शोध विचार साझा करने,नवीन अनुसंधान संभावनाओं को समझने तथा अकादमिक एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को और अधिक विकसित करने के लिए एक सार्थक मंच प्रदान किया। कॉन्क्लेव में विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने रसायन विज्ञान से संबंधित विभिन्न विषयों पर शोध आधारित प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों में विषयों की अवधारणात्मक स्पष्टता,वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं अनुसंधान की नवीन संभावनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुतियों के मूल्यांकन के लिए डॉ.सुधा देवी एवं डॉ. शालिनी गुप्ता ने निर्णायक की भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न निर्धारित मानकों के आधार पर प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया। इसके उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ अवधारणात्मक स्पष्टता एवं रचनात्मकता पुरस्कार माधव सिंधिया की शिक्षिका शैलजा राणा को,सर्वश्रेष्ठ अनुसंधान दृष्टिकोण पुरस्कार जी.आर.एम. के शिक्षक स्वप्निल को,सर्वश्रेष्ठ अनुसंधान दृष्टिकोण पुरस्कार माधवराव सिंधिया की शिक्षिका कोमल ओबेरॉय को,सर्वश्रेष्ठ अनुसंधान प्रस्तुतीकरण पुरस्कार बेदी इंटरनेशनल के शिक्षक पंकज को,सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिक रचनात्मकता पुरस्कार,सेक्रेड हार्ट पब्लिक स्कूल की शिक्षिका श्रुतिकिशन को,सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतीकरण एवं संचार कौशल पुरस्कार विवेक उपाध्याय को तथा सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिक नवाचार पुरस्कार एस.आर.इंटरनेशनल के शोभित को प्रदान किया गया। सभी विजेताओं को उनके उत्कृष्ट शोध कार्य,विषय की गहन समझ,रचनात्मकता एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.आर.के.सिंह ने सभी अतिथियों,निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रवक्ता मुकुल गुप्ता द्वारा किया गया।
केसीएमटी में एक दिवसीय एकेडमिक कॉन्क्लेव का आयोजन,उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हुए सम्मानित










Leave a Reply