Advertisement

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर मढ़ीनाथ में पीडीए महापंचायत, उमड़ा जनसैलाब

दो हजार से अधिक लोगों ने की सहभागिता, नेताजी को भारत रत्न देने की उठाई मांग

बरेली। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर रविवार को मढ़ीनाथ स्थित शिवगंगा बारातघर में पूर्व बरेली शहर विधानसभा प्रत्याशी एवं पार्षद राजेश अग्रवाल ने भव्य पीडीए महापंचायत का आयोजन किया। इसमें मढ़ीनाथ और आसपास के क्षेत्रों से दो हजार से अधिक लोगों ने भागीदारी की। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी संख्या में मौजूदगी से कार्यक्रम स्थल खचाखच भर गया।

कार्यक्रम में नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्षों और विचारों को याद किया गया। इस दौरान राजेश अग्रवाल ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए और मिठाई बांटकर जयंती मनाई। साथ ही क्षेत्र के गणमान्य लोगों को सम्मानित किया।

नेताजी को भारत रत्न देने की मांग

राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों और वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। केंद्र सरकार ने उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया है, लेकिन उनके अतुलनीय योगदान को देखते हुए भारत रत्न दिया जाना चाहिए।

2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प

महापंचायत में राजेश अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को समर्थन देने और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव और जनहित की राजनीति को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव के निर्देश पर लगातार पीडीए महापंचायत और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच पहुंचा जा रहा है। अंत में उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page