‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ और रोजगार के नारों से गूंजा शहर, संभावित प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ की शिरकत
बरेली। विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने जिले में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पीडीए जनचेतना पदयात्रा के जरिए सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर में ताकत दिखाई। हाथों में ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ के पोस्टर और रोजगार की मांग वाली तख्तियां लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पदयात्रा में शहर और कैंट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशी भी अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए।
जिला कार्यालय से घंटाघर तक निकली पदयात्रा
पदयात्रा सपा के जिला कार्यालय से शुरू होकर पटेल चौक, नावेल्टी चौराहा, जिला अस्पताल रोड और कुतुबखाना होते हुए घंटाघर पहुंची। इसमें जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, महिला कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए।
बेरोजगारी और वोट चोरी के मुद्दे उठाए
कार्यकर्ताओं के हाथों में बैनर और तख्तियां थीं। इन पर ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ और ‘डिग्री नहीं अब रोजगार चाहिए, हर युवा को काम और अधिकार चाहिए’ जैसे नारे लिखे थे। सपा नेताओं ने बेरोजगारी, महंगाई, लोकतंत्र और संविधान के मुद्दों को लेकर भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधा।
जनता को जागरूक करना है उद्देश्य : सुप्रिया ऐरन
कैंट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव की तैयारी कर रहीं पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन भी समर्थकों के साथ पदयात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि यात्रा का मकसद जनता के बीच पहुंचकर उसे जागरूक करना है। समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में है। पार्टी वोट चोरी, लोकतंत्र के हनन और संविधान से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठा रही है।
अखिलेश सरकार के काम भी गिनाएगी पार्टी
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल की उपलब्धियां जनता के सामने रखने के सवाल पर सुप्रिया ऐरन ने कहा कि पार्टी अपने कार्यकाल के विकास कार्यों को गिनाएगी। साथ ही मौजूदा सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल की कमियों और बिगड़ी व्यवस्थाओं को भी जनता के सामने रखा जाएगा।
नौ विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा अभियान
सपा ने जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में 22 नवंबर से 22 दिसंबर तक पीडीए जनचेतना पदयात्रा निकालने का कार्यक्रम बनाया है। इसकी शुरुआत 22 नवंबर को फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से हुई थी। शहर और कैंट के बाद अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी यात्रा निकाली जाएगी। इसके जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है।
अनीस बेग ने भी समर्थकों के साथ दिखाई एकजुटता
पदयात्रा में सपा नेता अनीस बेग भी समर्थकों के साथ शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पार्टी बेरोजगारी, महंगाई और संविधान से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। पीडीए की एकजुटता और सामाजिक न्याय की लड़ाई को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य है।









Leave a Reply