Advertisement

मोटरसाइकिल से हाथ टच होने पर युवक को पीटा, कड़े और ईंट से किया हमला

बरेली। किला छावनी क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार युवक से हाथ टच हो जाने पर विवाद हो गया। आरोप है कि बाइक सवार युवक और उसके दोस्त ने मजदूरी करके लौट रहे एक व्यक्ति को रोककर मारपीट की। आरोपियों ने हाथ में पहने कड़े और ईंट से हमला कर उसे घायल कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

किला छावनी फूलबाग निवासी पवन के अनुसार, 22 नवंबर की शाम करीब आठ बजे वह लिंटर डलवाने का मजदूरी का काम करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान राधेश्याम वकील के मकान के पास मोड़ पर मोटरसाइकिल से आ रहे आयुष और उसके दोस्त से उनका हाथ छू गया।

आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर दोनों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान हाथ में पहने कड़े से वार किया और ईंट से भी हमला किया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने अपनी गलती भी मान ली, लेकिन इसके बावजूद आरोपी नहीं माने और उन्हें पीटते रहे।

घटना से डरे पीड़ित ने थाना किला पहुंचकर आयुष और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने आरोपियों से जान-माल का खतरा बताते हुए पुलिस से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page