Advertisement

पीली ईंटों के सहारे बन रही नाली! निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, नगर निगम की कार्यप्रणाली पर नागरिकों ने जताई नाराजगी

बरेली। शहर के वार्ड संख्या 37 नदोसी की पिंक सिटी स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में नाली निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। नागरिकों ने निर्माण कार्य में कथित तौर पर घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाते हुए नगर निगम के अधिकारियों से जांच और कार्रवाई की मांग की है।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कॉलोनी में बन रही नाली में मानकों के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। निर्माण में पीली ईंटें लगाए जाने से नाली की मजबूती और टिकाऊपन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ता है।नागरिकों के अनुसार, जब कुछ लोगों ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही सामग्री पर आपत्ति जताई और ठेकेदार से गुणवत्ता को लेकर सवाल किए तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि ठेकेदार ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय ‘देख लेंगे’ कहकर बात टाल दी।मामले में सबसे बड़ा सवाल नगर निगम की निगरानी व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की होती है। इसके बावजूद मौके पर निर्माण सामग्री की जांच और कार्य की निगरानी हो रही है या नहीं, यह सवाल बना हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नाली का निर्माण निर्धारित मानकों के विपरीत किया गया तो कुछ ही समय में निर्माण क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। ऐसी स्थिति में सरकारी धन की बर्बादी के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ सकती है।

कॉलोनी के नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए। मौके पर इस्तेमाल की जा रही ईंटों, सीमेंट और अन्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच के साथ स्वीकृत एस्टीमेट और निर्धारित मानकों का भी मिलान किया जाए। यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।अब देखना यह होगा कि स्थानीय नागरिकों की शिकायत नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों तक कब पहुंचती है और इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांचने के लिए विभाग की ओर से कब कदम उठाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page