Advertisement

रामगंगा चौबारी गंगा घाट पर हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स की सेवा जारी, खोया-पाया केंद्र ने 14 बच्चों को उनके परिजनों से मिलाया

सदस्य राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश शासन का स्काउट एवं गाइड शिविर में आगमन

रामगंगा चौबारी (बरेली)। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान पर्व के अवसर पर हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा आयोजित आवासीय समाज सेवा शिविर के अंतर्गत मंगलवार को स्काउट-गाइड की सभी टुकड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

प्रातः 5:00 बजे से ही प्रथम टोली ने गंगा घाट पर व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल ली। घाट पर निर्धारित बैरिकेडिंग से आगे श्रद्धालुओं को जाने से रोकने तथा सुरक्षित स्नान व्यवस्था बनाए रखने में स्काउट्स ने पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग किया। वहीं दूसरी ओर गाइड्स की टोली ने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखा।

शिविर के खोया-पाया केंद्र ने भी सराहनीय कार्य किया। केंद्र के माध्यम से बिछड़े हुए 14 बच्चों को सकुशल उनके अभिभावकों से मिलवाया गया। बच्चों के परिजनों ने हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स के इस सेवा कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सभी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।

इसी क्रम में उत्तर प्रदेश शासन की राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती पुष्पा पांडेय का आवासीय स्काउट-गाइड शिविर में आगमन हुआ। शिविर में उनका स्वागत हिमांशु सक्सेना, प्रादेशिक संगठन आयुक्त द्वारा विधिवत स्काउट-गाइड स्कार्फ पहनाकर किया गया। उन्होंने शिविर में गाइड्स द्वारा दी जा रही सेवाओं का निरीक्षण किया तथा उनके कार्यों की सराहना की। साथ ही स्काउट-गाइड द्वारा तैयार किए गए झूले एवं अन्य गतिविधियों का भी अवलोकन किया और उनका आनंद लिया।

आज पूरे दिन स्काउट-गाइड की सभी टोलियां अलग-अलग जिम्मेदारियों में व्यस्त रहीं। कहीं यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने में सहयोग दिया गया तो कहीं श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन, सुरक्षा एवं आवश्यक सहायता प्रदान की गई।

सेवा कार्यों का संचालन टोली प्रभारियों के नेतृत्व में किया गया। जिसमें प्रथम टोली वैभव गौड़, द्वितीय टोली विकास बाबू, तृतीय टोली वैभव सक्सेना तथा चौथी टोली तशु, मीनाक्षी एवं अनुष्का के नेतृत्व में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती रही।

यह सात दिवसीय आवासीय समाज सेवा शिविर हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। संपूर्ण कार्यक्रम का निर्देशन हिमांशु सक्सेना, प्रादेशिक संगठन आयुक्त एवं अलका मिश्रा, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त के नेतृत्व में किया जा रहा है।

स्काउट-गाइड के स्वयंसेवक दिन-रात सेवा, अनुशासन और समर्पण की भावना के साथ श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page