विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ओसड़ में चकबंदी प्रक्रिया के दौरान एक महिला की कृषि भूमि पर अवैध रूप से नींव भरने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने चकबंदी लेखपाल सहित चार लोगों पर मिलीभगत कर उसकी जमीन पर कब्जा करने और विरोध करने पर हथियारों के बल पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
गांव निवासी मुन्नी देवी पत्नी श्याम सिंह के अनुसार, गांव में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। उनकी गाटा संख्या 125 स्थित कृषि भूमि पर 31 मई 2026 को चकबंदी लेखपाल नेत्रपाल की मिलीभगत से विशम्भर, प्रताप, शंभर और थान सिंह ने कथित तौर पर अवैध रूप से पक्की नींव भरवा दी। आरोप है कि चारों लोग लाठी-डंडे, कांता, भाला और बंदूक लेकर खेत पर पहुंचे थे। विरोध करने पहुंचे महिला के पति और पुत्र को आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। इस पर डायल 112 पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया, लेकिन पुलिस के जाने के बाद आरोपियों ने दोबारा नींव भरने का काम शुरू कर दिया।
महिला का कहना है कि 8 जून को चकबंदी अधिकारी बरेली और चकबंदीकर्ता उमेश सिंह ने मौके का निरीक्षण किया था। जांच में गाटा संख्या 125 पर अवैध निर्माण पाए जाने तथा चकबंदी विभाग की अनुमति के बिना निर्माण कराए जाने की बात सामने आई। चकबंदीकर्ता की जांच आख्या भी महिला ने अपने शिकायती पत्र के साथ संलग्न की है।
पीड़िता के मुताबिक, उसने 31 मई को ही कोतवाली फरीदपुर में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद कई बार उच्चाधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। महिला ने क्षेत्राधिकारी फरीदपुर से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और अपनी जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की है।













Leave a Reply