पिता ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ थाने में दी तहरीर, दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप
बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता के साथ मारपीट की और उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के पिता ने पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ थाना सीबीगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर में मृतका के पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सपना का विवाह करीब ढाई वर्ष पूर्व सीबीगंज थाना क्षेत्र के खलीलपुर निवासी विक्की उर्फ शिवम के साथ किया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी का उत्पीड़न करने लगे। उसके साथ आए दिन मारपीट की जाती थी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

पीड़ित पिता के मुताबिक, उन्होंने कई बार रिश्तेदारों और परिचितों के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। इसके बावजूद ससुरालियों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। आरोप है कि बेटी को प्रताड़ित न करने के लिए उन्होंने कई बार रुपये भी दिए, लेकिन उत्पीड़न का सिलसिला बंद नहीं हुआ।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 21 नवंबर 2026 को पति विक्की उर्फ शिवम, ससुर अमर सिंह, चचिया सास मीना, ननद कंचन और नंदोई जगदीश ने एकराय होकर दहेज की मांग को लेकर सपना के साथ बुरी तरह मारपीट की और उसे गाली-गलौज करते हुए फांसी पर लटका दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना से आहत पिता ने 23 नवंबर को थाना सीबीगंज पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। मामला दहेज उत्पीड़न और विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से जुड़ा होने के कारण गंभीर माना जा रहा है। हालांकि, आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।










Leave a Reply