बरेली। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 1 अक्टूबर 2026 को दवा विक्रेताओं के लिए वेबसाइट बनाने, दवाओं की उपलब्धता एवं साप्ताहिक स्टॉक सार्वजनिक करने तथा अस्पताल परिसर की फार्मेसियों के खरीद एवं विक्रय मूल्य प्रदर्शित करने संबंधी जारी आदेश के विरोध में आज बरेली के चिकित्सकों एवं दवा व्यापारियों के विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर बरेली विधायक एवं प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री अरुण कुमार सक्सेना जी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री जी से अनुरोध किया कि उक्त आदेश से जुड़ी समस्याओं एवं व्यापारियों की आपत्तियों को माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी तक पहुंचाकर आदेश पर तत्काल पुनर्विचार कराया जाए।बैठक में प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रत्येक मेडिकल स्टोर के लिए वेबसाइट बनाना, नियमित स्टॉक अपडेट करना तथा क्रय -विक्रय जैसी व्यापारिक खरीद संबंधी जानकारी सार्वजनिक करना दवा व्यापारियों के लिए व्यावहारिक कठिनाइयों, आर्थिक बोझ और व्यापारिक गोपनीयता से जुड़े सवाल उत्पन्न करता है। केवल खरीद और बिक्री मूल्य के अंतर के आधार पर दवा व्यापारी के लाभ का आकलन करना भी उचित नहीं है, क्योंकि व्यापार में किराया, कर्मचारी, बिजली, परिवहन, एक्सपायरी, स्टॉक जोखिम एवं अन्य संचालन लागत शामिल होती हैं।दवा व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि वे मरीजों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने और दवा मूल्य पारदर्शिता के उद्देश्य के विरोधी नहीं हैं, लेकिन इसके लिए प्रत्येक व्यापारी पर अलग-अलग डिजिटल दायित्व थोपने के बजाय सरकार/NPPA द्वारा एक केंद्रीकृत, प्रमाणित एवं समान दवा मूल्य पोर्टल विकसित किया जाना अधिक उचित एवं व्यावहारिक विकल्प है।प्रतिनिधियों ने मांग की कि आदेश को तत्काल स्थगित कर इसके वैधानिक आधार एवं व्यावहारिक प्रभावों की समीक्षा की जाए तथा IMA, NIMA, थोक एवं फुटकर दवा व्यापारियों, फार्मासिस्टों एवं अन्य संबंधित हितधारकों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर सहमति से नई SOP एवं न्यायसंगत नीति बनाई जाए।इस अवसर पर *विजय श्रीवास्तव, अध्यक्ष बरेली रिटेल केमिस्ट वेलफेयर सोसाइटी (उत्तर प्रदेश)* ने कहा कि मरीज हित एवं दवा मूल्य पारदर्शिता के नाम पर दवा व्यापारियों की व्यापारिक गोपनीयता, वैध अधिकार एवं सम्मान प्रभावित नहीं होने चाहिए। शासन को आदेश पर पुनर्विचार कर सभी संबंधित पक्षों के साथ संवाद स्थापित करना चाहिए।*दुर्गेश खटवानी, अध्यक्ष जिला बरेली केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन* ने कहा कि प्रत्येक मेडिकल स्टोर पर वेबसाइट एवं नियमित डिजिटल अपडेट की अनिवार्यता व्यापारियों के लिए अतिरिक्त बोझ है, इसलिए इस व्यवस्था की व्यावहारिकता पर विचार किया जाना चाहिए।*मुकेश अग्रवाल, अध्यक्ष जिला बरेली केमिस्ट एसोसिएशन* ने कहा कि खरीद एवं बिक्री मूल्य के अंतर को व्यापारी का वास्तविक लाभ मानना सही नहीं है, क्योंकि दुकान संचालन की अनेक लागतें होती हैं।*रितेश मोहन गुप्ता, सचिव जिला बरेली केमिस्ट एसोसिएशन* ने सरकारी प्रमाणित केंद्रीय मूल्य पोर्टल की आवश्यकता पर जोर दिया एवं इस आदेश को व्यापारी एवं मरीज के बीच विवाद उत्पन्न करने वाला बताते हुए तत्काल वापस लिए जाने पर जोर दिया। *अंकित भाटिया, सचिव* बरेली रिटेल केमिस्ट वेलफेयर सोसाइटी ने साप्ताहिक स्टॉक अपडेट की व्यावहारिक कठिनाइयों एवं मरीजों को गलत जानकारी मिलने की आशंका व्यक्त की।*अमित कंचन, कोषाध्यक्ष* बरेली रिटेल केमिस्ट वेलफेयर सोसाइटी ने व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक एवं तकनीकी बोझ को लेकर चिंता व्यक्त की। *मुकेश खटवानी- वरिष्ठ उपाध्यक्ष- जिला बरेली केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन* ने आदेश के वैधानिक आधार एवं अधिकार क्षेत्र की स्पष्टता और विधिक समीक्षा की आवश्यकता बताई।*मनोज खटवानी* ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में चिकित्सक, फार्मासिस्ट एवं दवा व्यापारी मरीज के सहयोगी हैं और ऐसी व्यवस्था नहीं होनी चाहिए जिससे आपसी विश्वास एवं सहयोग प्रभावित हो। अजय शर्मा एवं देशराज यादव (उपाध्यक्ष- बरेली रिटेल केमिस्ट वेलफेयर सोसाइटी) ,डॉ. हिमांशु अग्रवाल, डॉ. नितिन गंगवार, प्रभु दयाल लोधी, विजय मूलचंदानी, मोहित पांडेय, दीपक सूरी, संजय पागरानी, संजीव चांदना सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं दवा व्यापारी उपस्थित रहे।*सभी प्रतिनिधियों ने एक स्वर में मांग की कि उक्त आदेश को तत्काल स्थगित कर शासन स्तर पर पुनर्विचार किया जाए और मरीज हित, उचित दवा मूल्य, वैधानिक अनुपालन तथा दवा व्यापारियों के सम्मान एवं अधिकारों के बीच संतुलन स्थापित करने वाली नीति बनाई जाए।
वेबसाइट और दवा व्यापारिक जानकारी सार्वजनिक करने के आदेश का विरोध, वन एवं पर्यावरण मंत्री को सौंपा ज्ञापन, IMA, NIMA, थोक एवं फुटकर दवा व्यापारियों ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री तक मामला पहुंचाने की मांग की










Leave a Reply