तिलावत-ए-कुरआन से शुरू हुआ जलसा, उलमा ने इस्लाम की सच्ची पहचान और सीधी राह पर चलने का दिया पैगाम, देश में अमनो-अमान के लिए हुई दुआ
बहेड़ी। खानकाह-ए-आलिया मंजूरिया शाहिदिया जामिया गौसिया बशीरूल उलूम के पूर्व सज्जादानशीन हजरत मौलाना सैय्यद शाहिद अली मियां साहब रहमतुल्लाह अलैह की अहलिया के फातिहा-ए-चेहल्लूम पर एक अजीमुश्शान जलसा आयोजित किया गया। जलसे में दूर-दराज से आए अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे कार्यक्रम में रूहानी माहौल छाया रहा और लोग मरहूमा के लिए ईसाल-ए-सवाब में शरीक हुए।
मरहूमा हजरत मौलाना सैय्यद मुस्तफा अली साहब शेखुल हदीस अजमलूल उलूम संभल की मंझली साहिबजादी थीं। उनके चेहल्लूम के मौके पर आयोजित जलसे की शुरुआत तिलावत-ए-कुरआन से की गई। इसके बाद नात व मनकबत पेश की गई, जिससे मजलिस में मौजूद लोगों के दिलों में अकीदत व मोहब्बत का जज्बा पैदा हो गया।
जलसे में मौलाना सईद अहमद शाहिदी, मौलाना मुख्तार अहमद कादरी बहेड़ी और मौलाना बदरूद्दीन बरेली ने अपनी तकरीर पेश की। उन्होंने मरहूमा की जिंदगी, उनके दीनदार घराने और खानकाह की खिदमत का जिक्र करते हुए लोगों को नेक अमल की तरफ रागिब किया।
इसी बीच मुख्य अतिथि मौलाना मुफ्ती सैय्यद कफील हाशमी बरेली ने अपनी तकरीर में कहा कि मुसलमानों सच्चे दिल से इस्लाम को पहचानो, सीधी राह पर चलो, यही सीधा रास्ता आपको जन्नत में ले जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी बद-अकीदा से मेल-जोल मत करो और अपने ईमान व अकीदे की हिफाजत करो। बाद में शायर अकरम रजा शाहिदी ने अपना कलाम सुनाया, जिसे लोगों ने खूब सराहा।
बाद में सलातो-सलाम पेश किया गया। ठीक 1:25 पर फातिहा खानी हुई, जिसमें दरगाह के सज्जादानशीन सैय्यद फैजी मियां, मौलाना सैय्यद नूरी मियां और मौलाना सैय्यद मुफ्ती कफील हाशमी बरेली ने देश में अमनो-अमान, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ की।
इस मौके पर खानकाह-ए-शेरिया बहेड़ी के पूर्व चेयरमैन पति नसीम अहमद, कमालुद्दीन सभासद, ताहिर पप्पू सभासद, सलीम चन्दा सभासद, नसीम अहमद, नासिर रजा खान, अब्दुल कदीर सिद्दीक मिम्बर, हाजी हुजूर अहमद रजवी, तसलीम रजा टाल वाले सहित भारी संख्या में लोग शामिल हुए।










Leave a Reply