Advertisement

टूटी पुलिया बनी हादसों का सबब, कुंभकर्णी नींद में नगर पालिका प्रशासन

बहेड़ी (बरेली)। किसी बड़े हादसे के बाद ही क्या नगर पालिका प्रशासन की नींद खुलेगी? क्या किसी राहगीर की जान जाने के बाद ही जिम्मेदारों को अपनी जिम्मेदारी याद आएगी? शेखूपुर में वार्ड नंबर 10 और 24 को जोड़ने वाली टूटी पुलिया नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। यहां से गुजरने वाले लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है, लेकिन जिम्मेदारों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।

मोहल्ला शेखूपुर में टूटी पुलिया लोगों के लिए मुसीबत बन चुकी है। आए दिन राहगीर और वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना किसी खतरे से खाली नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद पुलिया की मरम्मत कराने की जहमत नहीं उठाई गई। हालात ऐसे हैं कि लोगों को हर बार रास्ते से गुजरते समय हादसे का डर सताता है।

हैरानी की बात यह है कि पुलिया टूटने के बाद जो थोड़ा-बहुत रास्ता आवागमन के लिए बचा है, उसे भी नगर पालिका की जमीन पर लगाए गए लोहे के पोल ने बाधित कर रखा है। यानी एक तरफ टूटी पुलिया जानलेवा बनी हुई है तो दूसरी तरफ रास्ते में लगे पोल लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। स्थानीय लोगों के लिए यह रास्ता सुविधा के बजाय रोजाना की परेशानी बन गया है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब नगर पालिका प्रशासन को लोगों की इस समस्या की जानकारी है तो अब तक समाधान क्यों नहीं हुआ? क्या अधिकारियों को आम जनता की परेशानियां दिखाई नहीं देतीं या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है? आखिर जनता से टैक्स वसूलने वाला नगर पालिका प्रशासन बुनियादी सुविधाएं देने में इतना लापरवाह क्यों है?

स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि टूटी पुलिया की तत्काल मरम्मत कराई जाए और रास्ते में बाधा बने लोहे के पोल हटवाए जाएं। लोगों का कहना है कि प्रशासन जल्द कार्रवाई करे, इससे पहले कि किसी परिवार का चिराग इस लापरवाही की भेंट चढ़ जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page