Advertisement

प्रशासनिक मंच पर हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, नुक्कड़ नाटक और भव्य कैंप फायर से दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश

बरेली। श्री रामगंगा चौबारी मेले में हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा जिला प्रशासन के तत्वावधान में प्रादेशिक संगठन आयुक्त हिमांशु सक्सेना के निर्देशन में विभिन्न सांस्कृतिक एवं समाजसेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रशासनिक मंच पर स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर तहसीलदार संजय कुमार एवं नायब तहसीलदार दिवाकर सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

दिनभर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता और रामगंगा घाट पर श्रद्धालुओं की सेवा एवं व्यवस्थाओं में सहयोग करने के बाद रात्रि में आवासीय शिविर परिसर में भव्य कैंप फायर का आयोजन किया गया। कैंप फायर का विधिवत शुभारंभ पार्षद राजेश अग्रवाल द्वारा अग्नि प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स ने कैंप फायर गीतों, सामूहिक गीत-संगीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। दिनभर की थकान को भूलकर बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ कैंप फायर में प्रतिभाग किया। इस आयोजन ने बच्चों में आपसी भाईचारे, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत किया तथा अगले दिन की सेवा गतिविधियों के लिए उन्हें नई ऊर्जा और उत्साह प्रदान किया।

इसी दौरान हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स के दूसरे दल ने रामगंगा घाट पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं घाट की व्यवस्थाओं में सहयोग किया। स्काउट-गाइडों ने श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता प्रदान करने के साथ गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर मोहम्मद नबी, अलका मिश्रा, वैभव गौड़ एवं वैभव सक्सेना सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नुक्कड़ नाटक, कैंप फायर और घाट पर सेवा कार्यों के माध्यम से रामगंगा मेले में निरंतर अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page