Advertisement

अल्ट्रासाउंड सेंटर पर कार्रवाई की मांग करने वाले पत्रकार की छवि खराब करने का आरोप, कोतवाली में तहरीर

बरेली, आंवला। मेडिसिटी अल्ट्रासाउंड केंद्र के खिलाफ शिकायत करने वाले पत्रकार ने सेंटर संचालक पर फर्जी वीडियो वायरल कर उनकी छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है। पत्रकार ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आंवला को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता रितेश वर्मा पुत्र मुरारीलाल, निवासी ग्राम अनुरुद्धपुर, तहसील आंवला ने बताया कि वह दैनिक भास्कर व आईमा मीडिया में संवाददाता हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने 29 जुलाई 2026 को मेडिसिटी अल्ट्रासाउंड केंद्र के संचालक के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग, बरेली व अन्य विभागों में आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत की थी।

शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि सेंटर पर बिना डॉक्टर की मौजूदगी में अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं। अप्रशिक्षित व्यक्ति तरुण कुमार, जो सेंटर का मालिक है, खुद अल्ट्रासाउंड करता है और नियुक्त डॉक्टर की जगह रिपोर्ट जारी करता है। उसके पास कोई रेडियोलॉजिस्ट डिग्री नहीं है।

शिकायत में यह भी कहा गया था कि ऐसे अप्रशिक्षित लोग अपना जिला छोड़कर बड़े जनपदों व कस्बों में ग्रुप बनाकर अल्ट्रासाउंड का कारोबार कर रहे हैं, भोली-भाली जनता से मोटी रकम वसूल कर उनके स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं और गलत रिपोर्ट देकर भ्रमित कर रहे हैं।

रितेश वर्मा का आरोप है कि जो भी सामाजिक कार्यकर्ता या पत्रकार इनके खिलाफ शिकायत करता है या खबर प्रकाशित करता है, तो तरुण कुमार व अन्य लोग उन पर झूठे आरोप लगाकर अधिकारियों से उल्टी-सीधी शिकायतें करते हैं।

आरोप है कि उनकी शिकायत को लेकर समझौता करने के लिए दबाव बनाया गया, जिसे उन्होंने मानने से मना कर दिया। इससे बौखलाकर षड्यंत्र रचकर तरुण कुमार ने उनके ऊपर झूठे आरोप लगाकर एक झूठी वीडियो वायरल की और शिकायत पत्र दिया।

शिकायत पत्र में 2,00,000 रुपये का झूठा आरोप लगाया गया है तथा चार अन्य लोगों पर 50,000-50,000 रुपये देने का आरोप लगाया गया है। पत्रकार का कहना है कि उन लोगों को वह जानता तक नहीं है।

पत्रकार का कहना है कि इससे समाज में उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और छवि धूमिल हुई है। उन्होंने साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर सेंटर संचालक तरुण कुमार व उसके मेडिसिटी अल्ट्रासाउंड केंद्र पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page