Advertisement

भगवान सिंह आत्महत्या प्रकरण में पूर्व कुलपति की पत्नी ने दी सफाई, बोलीं- जमीन विवाद से परिवार का कोई संबंध नहीं

बरेली। भगवान सिंह की आत्महत्या के मामले में पूर्व कुलपति डॉ. केपी सिंह की पत्नी डॉ. संजेश ने सामने आकर अपना पक्ष स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि गाटा संख्या 519 की जमीन विधिक प्रक्रिया के तहत खरीदी गई थी। जमीन का बैनामा और दाखिल-खारिज सक्षम अधिकारियों के स्तर से नियमानुसार हुआ है। भगवान सिंह की आत्महत्या किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है, लेकिन इस घटना से उनके और उनके परिवार का कोई संबंध नहीं है। बिना तथ्यों की जांच किए किसी को बदनाम करना उचित नहीं है।

सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में डॉ. संजेश ने बताया कि गाटा संख्या 519 की 4.812 हेक्टेयर भूमि उन्होंने और दो अन्य सह-स्वामियों ने विधिवत एग्रीमेंट और बैनामे के माध्यम से खरीदी थी। इसका दाखिल-खारिज भी कानूनी प्रक्रिया के तहत कराया गया। उन्होंने बताया कि चकबंदी कार्यवाही के दौरान 18 जनवरी 2016 को चकबंदी अधिकारी ने पूर्व में दर्ज प्रविष्टियां विलोपित करने का आदेश दिया था। हालांकि, भूमि से संबंधित विभिन्न स्तरों पर भगवान सिंह की ओर से दाखिल याचिकाएं निरस्त हुईं और उच्च न्यायालय ने भी उनके पक्ष में आदेश पारित किए हैं।

डॉ. संजेश ने आरोप लगाया कि भगवान सिंह ने तथ्यों को छिपाकर बैंक से ऋण लिया था। इसकी जानकारी पहले ही बैंक को पत्र के माध्यम से दे दी गई थी और ऋण संबंधी कार्रवाई नियमानुसार की गई थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भगवान सिंह का मकान गाटा संख्या 520 में है, जबकि उनकी जमीन गाटा संख्या 519 में स्थित है। दोनों भूखंड एक-दूसरे से सटे हुए हैं, लेकिन अलग-अलग हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान सिंह की मृत्यु बेहद दुखद है और उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। पुलिस और प्रशासन से उन्होंने घटना की पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की, ताकि आत्महत्या का वास्तविक कारण सामने आ सके। उन्होंने बताया कि उनके पति डॉ. केपी सिंह करीब तीन महीने पहले बरेली छोड़ चुके हैं और वर्तमान में गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति हैं।

डॉ. संजेश ने कहा कि उन्हें पुलिस, प्रशासन, न्यायालय और कानून पर पूरा भरोसा है। जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने मीडिया और आमजन से अपील की कि बिना जांच के घटना को जमीन विवाद से जोड़कर उनके परिवार की छवि धूमिल न की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page