प्रदेश महासचिव विकास बाबू एडवोकेट बोले – बहुजन समाज अब अपने अधिकारों, सम्मान और सत्ता में भागीदारी के लिए निर्णायक संघर्ष करेगा
बरेली। आगामी 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में आयोजित होने जा रही बहुजन स्वराज संकल्प महारैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) द्वारा गठित सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को जनपद बरेली में भीम आर्मी द्वारा प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता के उपरांत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च निकालकर महारैली का प्रचार-प्रसार किया। इस दौरान शहर में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों एवं समर्थकों द्वारा कार्यकर्ताओं का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भीम आर्मी उत्तर प्रदेश के प्रदेश महासचिव विकास बाबू एडवोकेट ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का गठन बहुजन समाज सहित समाज के सभी शोषित, वंचित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों को सामाजिक न्याय, राजनीतिक भागीदारी और सम्मानजनक जीवन दिलाने के उद्देश्य से किया गया है। यह केवल सत्ता परिवर्तन की लड़ाई नहीं, बल्कि व्यवस्था में वास्तविक परिवर्तन लाने का संकल्प है। आज आवश्यकता है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सुरक्षा और न्याय का समान अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा ज्योतिबा फुले, छत्रपति शाहूजी महाराज और पेरियार के विचारों से प्रेरित होकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, जातिगत भेदभाव का अंत, आरक्षण का प्रभावी क्रियान्वयन, जाति जनगणना, युवाओं को रोजगार, किसानों एवं मजदूरों के अधिकार, महिलाओं की सुरक्षा तथा शासन-प्रशासन में वंचित वर्गों की न्यायसंगत भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बहुजन समाज को केवल वोट बैंक बनकर नहीं रहना है, बल्कि अपनी राजनीतिक ताकत और एकजुटता के बल पर सत्ता एवं नीति निर्माण में निर्णायक भूमिका निभानी है। 26 नवंबर की महारैली इसी सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
प्रेस वार्ता के बाद पैदल मार्च दामोदर पार्क से प्रारंभ हुआ, जो चौकी चौराहा, अयूब खां चौराहा, नगर निगम, बरेली कॉलेज और श्यामगंज सब्जी मंडी होते हुए सेटेलाइट बस अड्डे पहुंचा। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने बहुजन स्वराज संकल्प महारैली के समर्थन में नारे लगाते हुए लोगों से 26 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचने की अपील की। पैदल मार्च के दौरान कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। इसके बाद भीम आर्मी का काफिला नकटिया एवं नरियावल होते हुए राजधानी लखनऊ की ओर रवाना हुआ।
ये पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता एवं पैदल मार्च में भीम आर्मी उत्तर प्रदेश के प्रदेश महासचिव विकास बाबू एडवोकेट, बरेली मंडल अध्यक्ष सुशील कुमार गौतम, जिला अध्यक्ष दुर्वेश अली अंसारी, मंडल महासचिव आकाश सागर, महानगर अध्यक्ष शिवम भारती, मीडिया प्रभारी सुरजीत गौतम, सोनू सागर, रवि सागर, पहलवान सिंह यादव, मंडल उपाध्यक्ष शंकर वाल्मीकि, मीरगंज तहसील अध्यक्ष अंकित सागर, सदर तहसील अध्यक्ष जय प्रकाश, नवाबगंज तहसील अध्यक्ष सुनील सागर, बहेड़ी तहसील अध्यक्ष संजीव सागर, आंवला तहसील अध्यक्ष प्रभाकर, देवेंद्र सागर, आदेश विशाल, आरिश, सैम मैसी, चंदन, जगत सिंह, मीरगंज विधानसभा प्रत्याशी जावेद अख्तर, भोजीपुरा से कमलेश पटेल, रूप किशोर प्रजापति एवं हसन खां सहित बड़ी संख्या में भीम आर्मी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में भीम आर्मी की ओर से जनपद बरेली सहित आसपास के सभी जनपदों के युवाओं, छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, बुद्धिजीवियों एवं सामाजिक न्याय में विश्वास रखने वाले लोगों से अपील की गई कि 26 नवंबर को राजधानी लखनऊ पहुंचकर बहुजन स्वराज संकल्प महारैली को ऐतिहासिक बनाएं।
सामाजिक परिवर्तन का संकल्प, बहुजन स्वराज का लक्ष्य और संविधान की विचारधारा ही हमारी ताकत है।













Leave a Reply